हस्तशिल्प और समाज सेवा में डॉ. राकेश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के पालमपुर के गांव खड्डुल से संबंध रखने वाले डाॅ. राकेश कुमार को राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रेरणास्रोत अवार्ड से सम्मानित किया। डॉ. राकेश ने अवार्ड लेने के पश्चात मंच पर ही मुख्यमंत्री रिलीफ फंड के लिए 2.51 लाख रुपये का चेक भेंट किया। डॉ. राकेश ने कहा कि वह हिमाचल के विकास और उत्थान के लिए कार्य करते रहेंगे। कहा कि वह जिला कांगड़ा की स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर हस्तशिल्प और इवेंट से जुड़ी चीजों पर बच्चों को गाइडेंस देंगे और उनके लिए काम करेंगे। प्रदेश की सरकारें हस्तशिल्प और हथकरघा को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही हैं।
इनसे ग्रामीणों को जोड़कर उनकी वित्तीय स्थितियों को मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में डाॅ. राकेश इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष एवं हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद के चीफ मेंटर हैं। उन्हें उनके विश्वस्तर पर हस्तशिल्प, व्यापार एवं निर्यात संवर्धन के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदेश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। विशेष तौर पर हिमाचल की संस्कृति, कला, साहित्य, शिल्प और पर्यटन को वैश्विक पटल तक पहुंचाने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है। भारतीय हस्तशिल्प, कला, संस्कृति एवं स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पटल पर स्थापित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उनके इस कार्य को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय मंत्रियों ने भी सराहा है।