सेरेमोनियल परेड में कैप्टन डॉ. मनीषा परिजनों के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के तीन युवाओं ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रदेश के तीन युवा आर्मी मेडिकल कॉर्प के लिए चयनित हुए हैं। ये सेना के अस्पतालों में सेवाएं देंगे। वीरवार को लखनऊ में हुई सेरेमोनियल परेड में कैप्टन डॉ. मनीषा शर्मा, कैप्टन डॉ. पारुल वर्मा और कैप्टन डॉ. राजुकमार की खुशी का ठिकाना न था। परिजन भी इनकी सफलता से फूले नहीं समा रहे थे।
आर्मी में जाने का सपना हुआ सच : कैप्टन डॉ. मनीषा
शिमला के समरहिल की रहने वाली मनीषा शर्मा की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय जाखू से हुई है। मनीषा ने दिसंबर 2015 में आईजीएमसी से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। फरवरी 2016 में आर्मी मेडिकल कॉर्प के लिए आवेदन किया। इसके बाद कोलकाता में इंटरव्यू और मेडिकल हुआ। 10 मार्च को मनीषा ने मिलिट्री अस्पताल जतोग में ज्वाइन किया।
इसके बाद इन्हें दो माह की ट्रेनिंग के लिए ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी लखनऊ बुलाया गया। वीरवार को लखनऊ में हुई सेरेमोनियल परेड में इन्हें कैप्टन के रैंक से नवाजा गया। मनीषा ने कहा कि आर्मी में जाने का उनका सपना सच हो गया। मनीषा भविष्य में सर्जरी में पीजी करना चाहती हैं। मनीषा की पोस्टिंग अब सिक्किम के लिए हुई है।
मनीषा के पिता बाबू राम शर्मा मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस से 2008 में ऑनरेबल लेफ्टिनेंट सूबेदार मेजर पद से रिटायर हुए हैं। उन्होंने बताया कि मनीषा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही। मनीषा की माता कल्पना शर्मा ने कहा कि बेटी की सफलता पर उन्हें नाज है। भाई संजय शर्मा और बहन रेणुका भी बहुत खुश हैं।