हिमाचल सरकार ने डॉ. बीएल विंटा को उच्च शिक्षा निदेशक का कार्यभार दे दिया है। डॉ. विंटा वर्तमान में उच्च शिक्षा निदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर तैनात थे। दूसरी ओर, निदेशक पद के लिए योग्य उम्मीदवार माने जाते रहे अतिरिक्त निदेशक डॉ. अमर देव को राज्य सरकार ने शिक्षा सलाहकार की तैनाती दी है।
पहले उच्च शिक्षा निदेशालय को शनिवार को नया निदेशक मिलने की उम्मीद थी। इससे पहले तक निदेशक रहे दिनकर बुराथोकी शनिवार को अपने पद से सेवानिवृत्त हो गए थे। कार्मिक विभाग ने नए निदेशक के लिए डीपीसी प्रक्रिया पूरी कर दी थी। सूत्रों ने बताया कि मुख्य सचिव वीसी फारका की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए निदेशक का नाम शनिवार को ही तय हो गया था।
इस बारे में अधिसूचना जारी करना बाकी था, जिसे रविवार को छुट्टी वाला दिन होने के बावजूद जारी कर दिया गया। शिक्षा निदेशालय ने नए निदेशक के लिए भेजे पैनल में अतिरिक्त निदेशक डॉ. अमरदेव, संयुक्त निदेशक डॉ. बीएल विंटा और संयुक्त निदेशक सतीश चंद्र
शर्मा के नाम शामिल किए थे। निदेशालय के इस प्रस्ताव के आधार पर ही कार्मिक विभाग ने डीपीसी की। नए निदेशक के लिए अंतिम फैसला मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद ही किया गया।