शिमला। राजधानी के ढली क्षेत्र में बन रही डबल लेन टनल का एक प्रवेश द्वार लगभग तैयार हो गया है। सब्जी मंडी की ओर से की जा रही खुदाई के बाद पहाड़ी को मजबूती देते हुए इसके प्रवेशद्वार को अंतिम रूप दे दिया है। अब खुदाई के लिए मशीनें इस प्रवेशद्वार के अंदर पहुंच रही हैं।
मौके पर दस मीटर अंदर तक खुदाई कर दी है। ड्रिलिंग कर पहाड़ी से मलबा निकाला जा रहा है। प्रवेशद्वार बनाने और पहाड़ को मजबूती देने के काम के चलते बीते करीब 20 दिन में 10 मीटर अंदर तक ही खुदाई हो पाई है। अब खुदाई में और तेजी लाई जा रही है। यह टनल 147 मीटर लंबी बनेगी। इसी साल के अंत तक इसका निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। सीएम जयराम ठाकुर ने बीते महीने इस टनल की आधारशिला रखी थी। इसके बाद से लगातार मौके पर काम चल रहा है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बन रही इस टनल का निर्माण कार्य एचपीआरआईडीसी करवा रहा है। इस प्रोेजेक्ट का काम 39 करोड़ रुपये में अवार्ड किया है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर में बनने वाला यह सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। एचपीआरआईडीसी के अधिकारी और टनल का काम देख रहे संजीव पठानिया ने बताया कि दस मीटर तक की खुदाई पूरी कर दी गई है। अब खुदाई के बाद पहाड़ को मजबूती दी जा रही है।
नई टनल से खत्म होगा संजौली ढली का जाम
टनल के बनने से संजौली और ढली के बीच लगने वाला यातायात जाम खत्म हो जाएगा। यहां एक टनल साल 1852 में बनी है। यह काफी जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। टनल में अभी एकतरफा ही वाहनों की आवाजाही हो पाती है जिससे सुबह और शाम यहां लंबा जाम लगता है। अब डबललेन टनल बनने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही हो पाएगी। अगले साल से इस नई टनल से वाहनों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है।