एक कुत्ते ने बुधवार को शहर में दहशत फैला दी। लक्कड़ बाजार से लेकर मालरोड, लोअर बाजार होते हुए कृष्णानगर तक कुत्ते के सामने जो आया वो उसे काटता चला गया। करीब एक दर्जन लोग इसका शिकार हुए। लालपानी में इस कुत्ते ने तीन साल की बच्ची को भी बुरी तरह नोंच दिया। बच्ची के होंठ, गाल और ठोड़ी पर गहरी चोटें आई हैं।
सर्कुलर रोड पर गुरुद्वारा श्री गुरू सिंह सभा के पास, लव कुश चौक पर और कृष्णानगर में कुत्ते ने भारी संख्या में लोगों को शिकार बनाया। कुत्ते के शिकार लोग उपचार के लिए डीडीयू पहुंचे। यह इलाज के लिए लोगों का जमावड़ा लग गया। कुत्ते के आतंक की सूचना लोगों ने नगर निगम को दी।
जिसके बाद कुत्ते को पकड़ने के लिए निगम ने लोगों की सूचना के आधार पर अपनी टीम रवाना कर दी। निगम की टीम कुत्ते की तलाश में गंज बाजार, सब्जी मंडी, बस स्टैंड, स्लाटर हाउस, रेलवे स्टेशन होते हुए विधानसभा तक पहुंची। उधर इलाज के लिए अस्पताल
पहुंची कलिफेंड इस्टेट की ममता सूद ने बताया कि आवारा कुत्तों और बंदरों ने शहर में आतंक मचाया हुआ है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। नगर निगम के वीपीएचओ डॉ. नीरज मोहन ने बताया कि सूचना मिलते ही कुत्ते को पकड़ने के लिए टीमें रवाना कर दी गई थी।