जिले के ग्रामीण इलाकों में गरमाई सियासत
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर परिषदों और नगर पंचायतों के बाद अब जिला परिषद वार्डाें का आरक्षण रोस्टर भी जारी हो गया है। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सोमवार को जिला शिमला के 25 जिला परिषद वार्डाें का आरक्षण रोस्टर जारी किया। 25 वार्डाें में से 13 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
इसकी अधिसूचना जारी होने के साथ ही सभी दलों और चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में पंचायतों का आरक्षण रोस्टर भी मंगलवार शाम तक जारी हो जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पंचायतों के रोस्टर को भी अंतिम रूप दे दिया है। जिला शिमला में इस बार जिला परिषद के कुल 25 वार्ड बनाए गए हैं। क्वार नया वार्ड बनाया गया है। इससे पहले जिला शिमला में जिला परिषद के कुल 24 वार्ड थे।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिला शिमला में जिला परिषद का आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया है। जिला परिषद वार्डाें के रोस्टर के साथ ही पंचायतों की संख्या को लेकर भी स्थिति लगभग स्पष्ट हो गई है। कुल 25 वार्डाें में 441 पंचायतें शामिल हैं। पहले इनकी संख्या 446 थी। हाल ही में कोर्ट के फैसले के बाद पांच पंचायतों के गठन को रद्द किया है। हालांकि, मंगलवार को जारी होने वाले पंचायत रोस्टर में इस पर पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
कौन सा वार्ड किसके लिए आरक्षित
वार्ड रोस्टर वार्ड में पंचायतों की संख्या
1. त्यावल-ज्यूरी अनुसूचित जाति महिला 17
2. झाकड़ी अनुसूचित जाति महिला 10
3. नरैण अनुसूचित जाति 15
4. बगलती महिला 15
5. सीमा-रंटाड़ी महिला 17
6. क्वार अनारक्षित 5
7. खशधार अनारक्षित 16
8. भलूण अनुसूचित जाति महिला 21
9. टिक्कर अनुसूचित जाति 17
10. सरस्वती नगर अनारक्षित 19
11. बढ़ाल महिला 14
12. कलबोग अनारक्षित 19
13. चड़ोली अनारक्षित 26
14. चंदलोग नेरूवा अनारक्षित 20
15. गोरली मड़ावग अनारक्षित 23
16. घोड़ना महिला 19
17. टियाली अनारक्षित 23
18. क्यार महिला 22
19. चमियाना अनुसूचित जाति 17
20. बल्देयां अनुसूचित जाति महिला 15
21. बढ़ई अनारक्षित 15
22. हलोग धामी महिला 19
23. खटनोल महिला 26
24. कुमारसैन महिला 17
25. भूट्टी महिला 14
14 सीटें जीतकर कांग्रेस ने जमाया था कब्जा
बीते चुनाव में कांग्रेस ने 24 सीटों में से 14 सीटें जीतकर जिला परिषद पर परचम लहराया था। इनमें भाजपा ने नौ जबकि माकपा ने एक सीट पर जीत हासिल की थी। इस बार कई जिला परिषद वार्डाें के नाम बदल दिए हैं। आरक्षण रोस्टर में भी बदलाव हुआ है। ऐसे में कौन बाजी मारेगा, इस पर मुकाबला रोचक होने वाला है।