हाल ही में पास आउट होकर हिमाचल पुलिस में शामिल हुए कांस्टेबलों की भर्ती विवादों में आ गई है। पुलिस मुख्यालय से लेकर सरकार तक को करीब एक दर्जन ऐसी शिकायतें मिली हैं, जिनमें शारीरिक दक्षता परीक्षा में अंक देने में अनियमितता की बात कही गई है।
खास बात यह है कि इन मामलों में शिकायत करने वालों ने चयनित अभ्यर्थियों का पूरा विवरण तक दिया है। शिकायतें मिलने के बाद मुख्यालय ने मामले में विभागीय जांच या एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए सरकार को लिख दिया है।
पिछले साल हुई कांस्टेबल भर्ती के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा में अनियमितता के कई मामले सामने आए। चूंकि, कोई भी आवेदक खुलकर सामने नहीं आया था, इसलिए विभाग ने भी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया।
नई भर्ती शुरू होने से पहले हाल में पुलिस मुख्यालय को करीब एक दर्जन ऐसी शिकायतें मिलीं, जिनमें फिजिकल में अभ्यर्थी को अतिरिक्त नंबर दे दिए गए।
खास बात यह है कि ऐसे मामले शिमला और धर्मशाला रेंज में ज्यादा सामने आए हैं। शिकायतें सामने आने के बाद अब सरकार ने मुख्यालय से जवाब तलब किया है। डीजीपी सोमेश गोयल ने भी ऐसी शिकायत मिलने की जानकारी स्वीकारी है।
गोयल ने कहा कि मामले में विभागीय जांच या एफआईआर दर्ज करने के लिए सरकार को पत्र लिखा गया है। कहा कि भर्ती से जुड़े सभी अधिकारियों कर्मचारियों की जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि किस स्तर पर यह अनियमितता हुई है।