मंडी जिले के सराज क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में छात्रों से जातिगत भेदभाव के मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए मानवाधिकार आयोग ने जिला प्रशासन को नोटिस जारी किया है। इस मसले में उपायुक्त से चार सप्ताह में जवाब मांगा है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग मामले की सुनवाई 28-29 नवंबर को चंडीगढ़ में करेगा।
सराज क्षेत्र के मुराह सरकारी स्कूल की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर आयोजित समारोह में धाम के दौरान दलित बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ जातिगत भेदभाव मामले में मानवाधिकार आयोग ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। इस मामले में एससी/एसटी अत्याचार निवारण कानून के अंतर्गत 26 जून 2014 को पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी।
इस मामले को लेकर सामाजिक आर्थिक समानता के लिए जन अभियान में जुटे पर्वतीय दलित अधिकार केंद्र हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को शिकायत भेजी थी। इस पर आयोग ने संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन से नोटिस जारी कर रिपोर्ट तलब की है। उधर, उपायुक्त मंडी ने आयोग को जवाब देने से पहले एसडीएम गोहर से पूरे मामले की पुन: छानबीन कर रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो दिन पहले स्कूल जाकर 18 लोगों के बयान दर्ज किए।