इतने रुपयों में कर सकेंगे हवाई सफर
कुल्लू से देहरादून का किराया 3,198 रुपये, देहरादून से कुल्लू का किराया 4,198 रुपये निर्धारित किया गया है। इस फ्लाइट के लिए बुकिंग पहले ही शुरू कर दी गई थी। देहरादून एयरपोर्ट पर वर्तमान में एलाइंस एअर सप्ताह में तीन-तीन दिन अयोध्या, अमृतसर और पंतनगर को अपनी सीधी उड़ानें संचालित कर रही है। कुल्लू के लिए फ्लाइट शुरू होने के बाद एलाइंस एअर चौथे शहर को भी सीधी फ्लाइट से जोड़ देगी।
पर्यटन और तीर्थाटन को मिलेगा लाभ
यह पहला मौका है कि हिमाचल प्रदेश से देहरादून के लिए सीधी फ्लाइट शुरू की गई है। कुल्लू पर्यटन और तीर्थाटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। देहरादून और कुल्लू के बीच फ्लाइट शुरू होने से दोनों राज्यों के पर्यटन व तीर्थाटन को इसका लाभ मिलेगा। भुंतर हवाई अड्डे से अब यात्रियों को दिल्ली, अमृतसर, चंडीगढ़ के बाद अब देहरादून के लिए भी सीधी उड़ान शुरू हो गई है।
भुंतर हवाई अड्डे के निदेशक सिद्धार्थ कदम ने कहा कि अब कुल्लू से देहरादून भी सीधी उड़ानों से जुड़ गया है। इसका लाभ जहां सैलानियों को मिलेगा, वहीं कुल्लू घाटी के लोगों को भी फायदा होगा। फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि नई सेवा से कुल्लू-मनाली के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कदम ने बताया कि कुल्लू से अमृतसर के लिए यही जहाज अब सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उड़ेगा। भुंतर हवाई अड्डे से जम्मू और जयपुर के लिए भी उड़ानें प्रस्तावित हैं जो आने वाले समय में शुरू होंगी।