छुरपक पंप में पेट्रोल ने लगाया शतक।
- फोटो : अमर उजाला
मनाली-लेह मार्ग पर समुद्रतल से 3250 मीटर ऊंचे लाहौल के एकमात्र छुरपक पेट्रोल पंप में पेट्रोल ने शतक लगा दिया है। तीन दिन पहले यहां पर पेट्रोल 99.85 रुपये था, जो अब 100.46 रुपये पहुंच गया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही लगातार बढ़ोतरी से उपभोक्ता मुश्किल में हैं। वाहन चालकों को यहां पेट्रोल 100.46 और डीजल 90.49 रुपये में भरना पड़ रहा है।
लाहौल, पांगी के साथ लेह-लद्दाख की ओर आवाजाही करने वाले सभी वाहन चालक छुरपक पेट्रोल पंप में पेट्रोल और डीजल भरते हैं। इन दिनों हजारों वाहन अटल टनल रोहतांग के आरपार आवाजाही कर रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के बढ़ती कीमतों का खामियाजा वाहन चालकों के साथ किसान-बागवानों और गृहणियों को भी भुगतना पड़ रहा है। उधर, एलपीएस के चेयरमैन सुदर्शन जस्पा ने कहा कि मंगलवार को उनके छुरपक स्थित पेट्रोप पंप में पेट्रोल का भाव शतक के पार पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल के बढ़ रहे रेटों का असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। बता दें सबसे पहले 30 जून को जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के काजा स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल की कीमतों ने शतक लगाया था। यह पेट्रोल पंप भारत का ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे ऊंचा पेट्रोल पंप है जो भारत-तिब्बत सीमा पर काजा में है। इसके बाद राजधानी शिमला के पंपों में पावर पेट्रोल 100.25 रुपये प्रतिलीटर बिका था।
आईओसीएल के अनुसार मंगलवार को राजधानी शिमला में पेट्रोल 98.54 और डीजल 88.80 रुपये प्रति लीटर की दर से बिका। हालांकि ढली के रमसाइक एचपी सेंटर में पेट्रोल के दाम 98.91 और डीजल 89.12 रुपये प्रति लीटर बिका।