अस्पताल में आरओ प्लांट लगाकर मशीनों के ट्रायल के बाद शुरू की सेवा
विज्ञापन
डायलिसिस के लिए लगी हैं 12 आधुनिक मशीनें अभी किडनी मरीजों को झेलनी पड़ती थी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में अब किडनी मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से डायलिसिस सुविधा शुरू कर दी है। एक मरीज का टीम ने बुधवार को डायलिसिस भी किया। हालांकि अभी डायलिसिस सुविधा निशुल्क दी जा रही है, लेकिन आगामी दिनों में अस्पताल प्रबंधन की ओर से इसके शुल्क निर्धारित किए जाएंगे। आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड पर यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन ने डायलिसिस मशीनों के संचालन के लिए आरओ प्लांट स्थापित किया है। इसके बाद मशीनों का ट्रायल किया था। सफलता मिलने के बाद मरीज का डायलिसिस किया गया है। पहले चरण में 12 मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनके माध्यम से मरीजों को डायलिसिस की सुविधा दी जाएगी। डायलिसिस कक्ष के लिए अलग से तकनीकी स्टाफ की तैनाती की गई है। अभी तक किडनी से संबंधित मरीजों को अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा नहीं मिल रही थी, जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। यदि किसी मरीज को डायलिसिस की आवश्यकता होती थी, तो उन्हें मजबूरी में निजी क्लीनिकों में जाना पड़ता था। अब इस प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस सुविधा शुरू कर दी गई है। एक मरीज का डायलिसिस टीम द्वारा कर दिया गया है। अब मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। -डॉ. सुधीर शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना