हिमाचल प्रदेश में गुर्दे के मरीजों के लिए अच्छी खबर है। आने वाले दिनों में प्रदेश के गुर्दा मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसी महीने धर्मशाला और मंडी में पीपीपी मोड पर डायलिसिस सेंटर खुलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि प्रदेश में महज 1200 रुपये में डायलिसिस कराने की सुविधा मिलेगी जो दूसरे राज्यों के मुकाबले काफी कम है।
प्रदेश सरकार ने नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत पीपीपी मोड पर तीन डायलिसिस सेंटर प्रस्तावित किए थे। इनमें धर्मशाला, मंडी और सोलन शामिल हैं। धर्मशाला और मंडी में डायलिसिस सेंटर खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है जबकि सोलन में मार्च तक यह सेंटर खुल पाएगा।