पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार जिला कांगड़ा के चारों उपमंडलों को सेंट्रल यूनिवर्सिटी पर लड़ाना छोड़े।
शीघ्र सीयू की स्थापना को ठोस कदम उठाए जाएं। देहरा में पत्रकार वार्ता में धूमल ने कहा कि धर्मशाला सिसमिक जोन में आता है।
इसलिए वहां पर बड़े भवन नहीं बनाए जा सकते। सीयू को देहरा में खोलने का फैसला पिछली सरकार ने नहीं लिया था।
बल्कि केंद्र की साइट सेलेक्शन कमेटी ने सभी उपमंडलों का सर्वे करके अपनी फाइनल रिपोर्ट में धर्मशाला में धौलाधार कैंपस और देहरा में ब्यास कैंपस बनाना था।
रिपोर्ट में धर्मशाला में भूकंप क्षेत्र होने के कारण प्रशासनिक भवन खोलने सहित छोटे भवन बनाने और देहरा को बड़े भवन निर्माण में उपयुक्त पाया था। लेकिन, प्रदेश की कांग्रेस सरकार इस मसले पर जिला कांगड़ा को आपस में ही लड़ा रही है।
भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में पहले ही देहरा में सीयू को 900 कनाल भूमि ट्रांसफर कर दी थी। प्रदेश सरकार राजनीतिक प्रतिशोध पर झूठे मुकदमे बना रही है।
अगले साल पंचायत चुनाव के कारण पंचायत प्रधान, जिप सदस्य आदि पर राजनीतिक केस बना रही है। शिमला में सरकार की नाक के नीचे से सैकड़ों पेड़ कट गए।
जिससे पता चलता है कि कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। इस मौके पर विधायक रविंद्र सिंह रवि, पूर्व मंत्री रमेश धवाला, पूर्व विधायक नवीन धीमान, पूर्व विधायक संजय चौधरी आदि उपस्थित रहे।