पीएमओ इंडिया के ट्वीट से वीरवार को राइजिंग हिमाचल ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के धड़ाधड़ ट्वीट हुए। ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के उद्घाटन के लिए धर्मशाला पहुंचे पीएम मोदी के भाषण के मुख्य बिंदुओं को लेकर पीएमओ ने एक के बाद एक ट्वीट किए। करीब ढाई घंटे में पीएमओ इंडिया के ट्वीट अकाउंट से दस ट्वीट ग्लोबल इन्वेस्टमेंट से संबंधित हुए।
पीएमओ के ट्वीटर अकाउंट पर पीएम मोदी का भाषण भी लाइव दिखाया गया तो हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने फेसबुक पेज पर निवेशकों को हिमाचल में निवेश के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाकर इसे कर्म भूमि बनाने की अपील की। वीरवार को धर्मशाला के पुलिस मैदान में शुरू हुई दो दिवसीय इन्वेस्टर मीट सोशल मीडिया में पूरी तरह से छा गई।
ग्लोबल इन्वेस्टर मीट को लेकर बनाए गए राइजिंग हिमाचल ट्वीट अकाउंट पर मीट के शुभारंभ से संबंधित पल-पल की अपडेट दी गई। वहीं पीएमओ, नरेंद्र मोदी, सीएमओ हिमाचल सहित अन्य कई नेताओं और अधिकारियों ने ट्वीट अकाउंट सहित फेसबुक पेज पर ग्लोबल इन्वेस्टमेंट मीट की जानकारियां अपडेट कीं।
ग्लोबल इन्वेस्टर मीट को लेकर सोशल मीडिया में खासा उत्साह दिखा। ट्वीट पर हिमाचल इन्वेस्टर मीट का ट्रेंड हुआ। इसमें 18,000 से अधिक लोगों ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया। करीब 70000 लोगों ने कमेंट एवं री-ट्वीट किए। पहले दिन करीब नौ लाख लोगों तक सोशल मीडिया के माध्यम से इन्वेस्टर मीट की पल-पल की अपडेट पहुंची। सोशल मीडिया कुल ट्रेंड करने में हिमाचल के 90 फीसदी लोगों की भागीदारी रही।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के ट्वीट अकाउंट से ग्लोबल इन्वेस्टर मीट से एक भी ट्वीट नहीं हुआ। राज्य के उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर के ट्वीट अकाउंट से भी एक भी ट्वीट नहीं हुआ, लेकिन उन्होंने राइजिंग हिमाचल, नरेंद्र मोदी, जयराम ठाकुर और पीएमओ के ट्वीट अकाउंट से हुए ट्वीट को री-ट्वीट जरूर किया।