कॉलेज परिसर के न्यू ब्लॉक में स्थित भूगोल विभाग के क्लासरूम और प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान समिति ने कॉलेज प्रशासन, आरोपी प्रोफेसर और अन्य संबंधित पक्षों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। छात्राओं से बातचीत कर उनके बयान भी दर्ज किए गए। समिति ने कॉलेज की व्यवस्थाओं, उपलब्ध दस्तावेजों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों का अवलोकन किया। समिति विस्तृत रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर राज्य सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई और जरूरी निर्णय लिए जाएंगे। जांच समिति ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और बातचीत करने से इन्कार किया। वहीं, कॉलेज प्राचार्य राकेश पठानिया ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग की समिति कॉलेज में मामले की जांच कर रही है।
कॉलेज छात्रा से जुड़े मामले में पुलिस टीम ने कई अस्पतालों से जरूरी रिकॉर्ड प्राप्त कर लिए हैं। शेष अस्पतालों से भी दस्तावेज और चिकित्सकों के बयान जुटाए जा रहे हैं। मेडिकल बोर्ड के गठन को लेकर सरकार से विचार-विमर्श किया जाएगा। -सौम्या सांबशिवन, पुलिस उप महानिरीक्षक, उत्तरी क्षेत्र, धर्मशाला