कई बार असफल हुए, हिम्मत नहीं हारी
दीपक हुड्डा ने अपने जीवन के कठिन दौर को साझा करते हुए कहा कि बचपन में ही माता-पिता का निधन हो गया। जीवन में कई बार असफलता मिली, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कहा कि व जहां भी जाते हैं, धरातल की बात करते हैं, ताकि युवा वास्तविकता से जुड़े रहें। उन्होंने खुशी जताई कि देश की सर्वश्रेष्ठ कबड्डी खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश तैयार कर रहा है। दुख व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार की ओर से खिलाड़ियों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पा रहा है।
एलपीयू जालंधर, कुरुक्षेत्र विवि और दरभंगा का जीत से आगाज
भारतीय विश्वविद्यालय संघ और प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान से धर्मशाला में अखिल भारतीय इंटर जोनल महिला कबड्डी प्रतियोगिता के पहले दिन कई मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में लवली यूनिवर्सिटी जालंधर की टीम ने रामटेक यूनिवर्सिटी की टीम को 16 अंकों से पराजित किया। मैच में स्कोर 48-32 रहा। दूसरे मैच में दरभंगा यूनिवर्सिटी ने पेरीयार यूनिवर्सिटी सलेम की टीम को 38-34 से हराया। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की टीम ने भारती विद्यापीठ यूनिवर्सिटी पुणे को 48-38 से हराया। चौथे मुकाबले में अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी बिलासपुर की टीम ने भारथीहर यूनिवर्सिटी को 36-34 से पराजित किया। सीवी रमन यूनिवर्सिटी कोटा बिलासपुर की टीम ने विनायक मिशन रिसर्च फाउंडेशन सलेम को 42-18 से पराजित किया। गुरु काशी यूनिवर्सिटी पंजाब की टीम ने कोटा राजस्थान यूनिवर्सिटी को 39-22 से पराजित किया। चंडीगढ यूनिवर्सिटी मोहाली की टीम ने नागपुर यूनिवर्सिटी को 45-29 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में यह टीमें ले रही हैं हिस्सा
लवली प्रोफेशनल विवि जालंधर, कुरुक्षेत्र विवि, गुरु काशी विवि पंजाब, चंडीगढ़ विवि मोहाली, भारती विद्यापीठ विवि पुणे, कवि कुलगुरु कालिदास संस्कृत विवि रामटेक, राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विवि, कोटा विवि, अटल बिहारी वाजपेयी विवि बिलासपुर, डॉ. सीवी रमन विवि कोटा बिलासपुर, एलएन मिथिला विवि दरभंगा, पंडित रविशंकर शुक्ल विवि रायपुर, पेरियार विवि सलेम, भारतीय विवि कोयंबटूर और विनायक मिशन रिसर्च फाउंडेशन सलेम शामिल हैं।