नालागढ़ के दक्षांक सिंगला ने जीता कांस्य
दिल्ली के केडी जाधव स्टेडियम में में किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में नालागढ़ के दक्षांक सिंगला ने कांस्य पदक जीता है। दक्षांक सिंगला ने यंगर कैडेट्स लाइट कॉंटेक्ट वर्ग (10-12 वर्ष) में कांस्य पदक प्राप्त किया। इससे पहले भी दक्षांक सिंगला ने सुंदरनगर में राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। दक्षांक सिंगला नालागढ़ में अल्पाइन स्कूल में सातवीं कक्षा के छात्र हैं, और आइडियल एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स नालागढ़ से प्रशिक्षण ले रहे हैं। माता रंजना सिंगला और पिता सुनील सिंगला दोनों निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। नालागढ़ साहित्य कला मंच के अध्यक्ष यादव किशोर गौतम, मीडिया प्रभारी प्रमोद कुमार हर्ष और हिमाचल किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय ने दक्षांक को बधाई दी।
बिलासपुर में होंगे मुक्केबाजी और कबड्डी के लिए ट्रायल
भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ जीरकपुर की ओर से आवासीय योजना के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया करवाई जाएगी। ट्रायल मुक्केबाजी और कबड्डी खेलों के लिए होंगे। 19 और 20 फरवरी को ट्रायल होंगे। सुबह आठ बजे निर्धारित स्थल पर खेल पोशाक में उपस्थित होना होगा। ट्रायल भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर परिसर में होंगे। केंद्र के प्रभारी विजय नेगी ने बताया कि इस आवासीय योजना के अंतर्गत 12 से 18 आयु वर्ग के खिलाड़ी पात्र होंगे। 12 से 16 साल आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। खिलाड़ियों को अपने साथ जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल प्रमाण पत्र सहित तीन पासपोर्ट आकार की तस्वीरें लानी होंगी।