विधायक विशाल नैहरिया और एचएएस ओशीन शर्मा गद्दी संस्कृति की पारंपरिक वेशभूषा में शादी के बंधन में बंधे। विधायक विशाल नैहरिया ने इस दौरान जहां समुदाय से संबंधित कपड़ों को पहना हुआ था, वहीं एचएएस ओशीन शर्मा भी लुआंचड़ी में नजर आई।
विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया और एचएएस ओशीन शर्मा सोमवार को शादी के बंधन में बंधे। शाहपुर के एक पैलेस में दोनों ने सात फेरे लिए। इस दौरान वर-वधु दोनों पक्षों के सगे संबंधी ही मौजूद रहे, जबकि शादी के दौरान कोविड-19 के नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया। सोमवार देर सायं विधायक विशाल नैहरिया और एचएएस ओशीन शर्मा गद्दी संस्कृति की पारंपरिक वेशभूषा में शादी के बंधन में बंधे। विधायक विशाल नैहरिया ने इस दौरान जहां समुदाय से संबंधित कपड़ों को पहना हुआ था, वहीं एचएएस ओशीन शर्मा भी लुआंचड़ी में नजर आई।
विज्ञापन
विशाल नैहरिया और ओशीन शर्मा को बधाइयां देने वालों का सोशल मीडिया पर तांता लगा रहा। वहीं, अनुमान लगाया जा रहा था कि धर्मशाला पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विधायक विशाल नैहरिया की शादी में उपस्थित होंगे और वर-वधु को आशीर्वाद देंगे, लेकिन कोविड काल और 50 लोगों की उपस्थिति के बीच हो रही इस शादी समारोह में जयराम ठाकुर ने दूरी बनाए रखी। वहीं दूसरी ओर विधायक की शादी में विधानसभा क्षेत्र शाहपुर से संबंध रखने वाली मंत्री सरवीन चौधरी ही उपस्थित हुईं, जबकि अन्य मंत्री और विधायक शादी में उपस्थित नहीं हुए।