पंजाब किंग्स के सहायक गेंदबाजी कोच ट्रेवर गोंजाल्विस ने कहा कि सीजन में शानदार शुरुआत के बाद लगातार चार हार झेल रही पंजाब किंग्स की टीम अब वापसी की जुगत में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम के मनोबल में कोई कमी नहीं आई है, और वह प्ले-ऑफ की रेस में बने रहने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पंजाब किंग्स के पास अब तीन मैच बचे हैं, जिनमें से कम से कम दो जीतना प्ले-ऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए अनिवार्य है। सीजन की शुरुआत में पंजाब किंग्स ने अपने पहले सात मैचों में से छह में जीत दर्ज की थी, लेकिन पिछले चार मैचों में टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। कोच गोंजाल्विस ने स्वीकार किया कि गोल्डन रन में चल रही टीम के प्रदर्शन में गिरावट आई है, लेकिन उन्होंने भरोसा जताया कि खिलाड़ी जल्द ही अपना पुराना मोमेंटम वापस पा लेंगे। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में आत्मविश्वास वैसा ही है जैसा सीजन की शुरुआत में था। हम कल के मैच से ही जीत की राह पर लौटने की उम्मीद कर रहे हैं। पंजाब किंग्स ने इस सीजन में अब तक 19 कैच छोड़े हैं, जो टूर्नामेंट की सभी टीमों में सबसे ज्यादा है। पिछले मैच में युजवेंद्र चहल को पूरे ओवर न दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिच और मौसम की स्थिति तेज गेंदबाजों के पक्ष में थी, इसलिए यह एक रणनीतिक फैसला था। रिकी पोंटिंग भी मानते हैं कि सही समय पर फॉर्म में आना ही जीत की कुंजी है। उन्होंने कहा कि ओस के देखते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला लिया जा सकता है।