नलवाड़ मेले का भव्य जलेब के साथ शुभारंभ, दो दर्जन देवी-देवता पहुंचे
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के धर्मपुर में छह दिवसीय देव व नलवाड़ मेले का भव्य जलेब के साथ गुरुवार को शुभारंभ हुआ। मेले में शिरकत करने के लिए इलाके के दो दर्जन देवी-देवता पहुंचे हैं। पुराना धर्मपुर शीतला माता परिसर में सभी देवी-देवता इकट्ठा हुए। इसके बाद मंडलायुक्त मंडी राखिल काहिलों ने देवी-देवताओं की पूजा की। पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा शुरू हुई, जो बाबा कमलाहिया व माता शीतला की अगुवाई में आगे बढ़ी और मेला स्थल पर पंहुची। सबसे आगे देवी-देवता चले। फिर महिला मंडलों की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्कूली बच्चों सहित भारी संख्या में लोग शामिल हुए।
मेला स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्य अतिथि मंडलायुक्त राखिल काहिलों ने मेले का शुभारंभ झंडा लहराकर किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मेले हमारी पुरानी संस्कृति को संजोने में अहम भूमिका निभाते हैं। इससे हमारा भाईचारा भी कायम रहता है। मेले में सभी का सहयोग जरूरी होता है और इसमें सभी को खुलकर सहयोग करना चाहिए। मुख्य अतिथि का स्वागत मेला कमेटी के अध्यक्ष एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने शाल टोपी व स्मृति चिन्ह देकर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने बैलों की पूजा करके नलवाड़ मेले का भी शुभारंभ किया।
देव धुनों से गूंजा धर्मपुर
धर्मपुर में देवता व नलवाड़ मेले की शोभा बढ़ाने के लिए करीब दो दर्जन से ज्यादा देवी-देवता पहुंचे हैं। उनके आगमन से धर्मपुर देवमय हो गया है। देव धुनों से पूरा धर्मपूर गूंज उठा है। मेले में स्थानीय कुल गुरू बाबा कमलाहिया कमलाहगढ़ से पैदल चलकर यहां पहुंचे हैं। वहीं सक्रैणधार से जालपा माता, धर्मपुर से शीतला माता, बनाल देव सहित दो दर्जन देवी-देवता पंहुचे है। लोग अपने अपने कुल देवी-देवताओं की पूजा अर्चना कर रहे हैं।