धनतेरस और दिवाली के लिए हिमाचल के बाजार पूरी तरह तैयार हैं। इस त्योहारी सीजन में प्रदेश की सड़काें पर 1400 से अधिक छोटी-बड़ी गाड़ियां उतरेंगी। लोगों ने धनतेरस और दिवाली के दौरान गाड़ियां लेने के लिए एडवांस में बुकिंग कराई है। प्रदेश के सर्राफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार भी ग्राहकों से गुलजार हैं।
शुभ मुहूर्त को देखकर लोग खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों द्वारा ग्राहकों को रिझाने के लिए कई तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं। इसमें कूपन और लक्की ड्रॉ शामिल हैं। शुक्रवार को धनतेरस पर चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी की मूर्ति, स्टील, तांबे और पीपल के बर्तनों की खूब बिक्री होने की उम्मीद है।
राजधानी शिमला में इस त्योहारी सीजन के दौरान करीब 400 नई गाड़ियां सड़कों पर उतरने वाली हैं। महेंद्रा, हुंडई और मारुति की सबसे ज्यादा मांग की जा रही है। मंडी में बाइक, स्कूटी खरीदने का लोगों को अधिक क्रेज है। धनतेरस पर जिला मंडी के विभिन्न ऑटोमोबाइल कंपनियों के शोरूम से सौ से अधिक दुपहिया और कारों की एडवांस बुकिंग की गई है।
कुल्लू में 50 गाड़ियों की एडवांस बुकिंग है। ऊना जिला में 80 गाड़ियों की एडवांस बुकिंग हुई है। दिवाली पर कांगड़ा के लोगों ने गाड़ियां खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है। कांगड़ा में करीब 500 टू व्हीलर और फोर व्हीलर की एडवांस बुकिंग हुई है। चंबा में 35 मोटरसाइकिल, 10 कार हुंडई कार और 7 महिंद्रा गाड़ियों की बुकिंग हुई है।
सिरमौर में 350 गाड़ियों की एडवांस बुकिंग हुई है। पांवटा और नाहन में बाइक और स्कूटी की अधिक बुकिंग करवाई गई है। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन समेत जिला सोलन के ऑटोमोबाइल बाजार भी दिवाली की चकाचौंध में रोशन हैं। सोलन जिला में करीब सौ गाड़ियों की एडवांस बुकिंग हुई है।