स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल
- फोटो : अमर उजाला
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से सक्षम लोगों के सशक्तीकरण (ईएसओएमएसए) के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शिमला के रझाणा में हिमाचल प्रदेश कोली समाज सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इस केंद्र के निर्मित होने से प्रदेश के सभी वर्गों के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने अधिकारियों से इस संबंध में एफसीए मामले के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
अधिकारियों को परियोजना निर्माण क्षेत्र का सर्वेक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक केंद्र के निर्माण की निष्पादन एजेंसी हिमुडा को विभाग की ओर से 30 लाख रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मापदंडों को ध्यान में रखते हुए इस सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन योजना, अपंग राहत भत्ता, विधवा पेंशन और कुष्ठ रोगी पुनर्वास भत्ता जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं चलाई जा रही हैं। बैठक में निदेशक ईएसओएमएसए प्रदीप कुमार ठाकुर मौजूद रहे।