एचपीपीसीएल के 460 मेगावाट के नकथाण जल विद्युत परियोजना का स्थानीय पंचायत और देव समाज के जुडे़ लोगों ने विरोध किया है। लोगों का कहना है कि बिजली प्रोजेक्ट धार्मिक स्थल रूद्रनाग के ऊपर स्थापित किया जा रहा है, जो लोगों की धार्मिक आस्था से सरेआम खिलवाड़ है।
क्षेत्र के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। लोगों ने साफ कर दिया है कि अगर समय रहते प्रोजेक्ट का काम बंद नहीं गया तो लोग सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन करेंगे।
परियोजना के विरोध में बरशैणी पंचायत में एक बैठक बुलाई गई थी। इसमें ग्रामीणों और देवसमाज से जुडे़ लोगों ने एक स्वर में विरोध करते हुए कहा है कि धार्मिक आस्था से जुडे़ स्थानों पर छेड़छाड़ करने नहीं दी जाएगी।
देव समाज से जुडे़ जय राम ठाकुर, होतम राम, ज्ञान चंद आदि ने बताया कि यदि धार्मिक स्थल पर प्रोजेक्ट प्रबंधन ने कार्य बंद नहीं किया तो देव समाज के लोग सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे विकास के मार्ग में बाधा नहीं बनना चाहते, लेकिन लोगों की आस्था के स्थानों पर प्रोजेक्ट लगाना भी उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि किसी दुष्परिणाम के सामने आने से पहले परियोजना को बंद कर दिया जाना चाहिए। वहीं, स्थानीय निवासी अमर नाथ, हरि राम, चैने राम, श्याम सिंह, किशन सिंह, इंद्र देव, टेक चंद, वीर सिंह, अनंत राम आदि ने कहा कि परियोजना के विरोध में ग्राम सभा में तीन बार प्रस्ताव पारित किए जा चुके हैं। इस स्थान पर पहले से ही छह प्रोजेक्ट लगाए जा चुके हैं।
परियोजना बनने से पर इस स्थान पर कई बदलाव आएंगे। अगर प्रोजेक्ट का कार्य जल्द बंद नहीं किया गया तो प्रोजेक्ट प्रबंधन कमेटी का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आठ गांवों के लोग और देव समाज के लोग मिलकर धार्मिक स्थल पर विद्युत परियोजना का अंत तक विरोध करेंगे।