लोक निर्माण विभाग की डिजाइन में गड़बड़ी, अब दोबारा बनेगी ड्राइंग
इससे पहले निर्माण को लेकर ठोडो मैदान के समीप की गई है खुदाई
करीबन 150 वाहनों को पार्क करने क्षमता, शॉपिंग मॉल भी बनना था
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में बनने वाली पहली लिफ्ट वाली पार्किंग का निर्माण डिजाइन में खामी के कारण रुक गया है। ठोडो मैदान के सामने नगर निगम की ओर से बनाई जा रही इस बहुमंजिला पार्किंग का जिम्मा लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को सौंपा गया था। करीब 2.80 करोड़ रुपये की लागत वाली इस पार्किंग में 150 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। इसके ऊपरी हिस्से में शॉपिंग मॉल बनाने की भी योजना है।
परियोजना के शुरुआती चरण में शिमला से डिजाइन तैयार करवाया गया था, लेकिन इसमें तकनीकी खामियां सामने आने के बाद निर्माण रोकना पड़ा। अब लोनिवि एक निजी कंपनी के माध्यम से संशोधित डिजाइन तैयार करवा रहा है। डिजाइन फाइनल होने के बाद ही काम दोबारा शुरू हो सकेगा।
शहर में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम राजगढ़ रोड पर अग्निशमन कार्यालय के समीप भी एक पार्किंग बनाएगा। इसके लिए 2.70 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। इसमें भी करीब 150 वाहन खड़े हो सकेंगे। निगम का उद्देश्य अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाने और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाना है।
कोट
नगर निगम के पास बनने वाली पार्किंग का काम फिलहाल रुका हुआ है। डिजाइन में खामी सामने आने के कारण निर्माण आगे नहीं बढ़ पाया। लोनिवि स्तर पर इसका संशोधित डिजाइन तैयार किया जा रहा है।- ई. गोपी चंद, एसडीओ, नगर निगम सोलन