शिमला के नए उपायुक्त के तौर पर रोहन ठाकुर ने पदभार संभाल लिया है। 2009 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी रोहन ठाकुर इससे पूर्व उपायुक्त हमीरपुर के पद पर तैनात थे। उपायुक्त ने जिला के सभी राजस्व अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों की शिकायतों का शीघ्र निवारण करना और विकासात्मक कार्यों में तेजी लाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासात्मक कार्यों के लिए जमीन का हस्तांतरण, वन भूमि से संबंधित विभिन्न मामलों का समयबद्ध निपटारा और शिकायत निवारण प्रक्रिया में और तेजी लाने के लिए विभिन्न कदम उठाने के निर्देश दिए। रोहन ठाकुर ने कहा कि वह लोगों को जवाबदेह, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को समयबद्ध लागू करना उनका मुख्य लक्ष्य है। वर्तमान परिपेक्षय में सूचना प्रौद्योगिकी का महत्व और अधिक बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को बहुत सी जनसेवाएं ऑनलाइन दी जा रही हैं। उपायुक्त ने कहा कि युवा देश का भविष्य होते हैं।
युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रशासन के प्रयास अत्यंत आवश्यक होते हैं। इस दिशा में उनका यह प्रयास रहेगा कि युवाओं में कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लागू किए जा रहे सभी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि वह जिला के सभी क्षेत्रों का दौरा कर विकासात्मक कार्यों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के लिए सभी विभागों का तालमेल अत्यंत आवश्यक है और उनका यह प्रयास
रहेगा कि इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएं। मीडिया से बात करते हुए कहा कि पानी और पीलिया के मामले पर वह संबंधित विभागों से बात करेंगे उसके बाद ही इस बारे में साफ तौर पर कुछ कह पाऐंगे।