कोरोना के चलते हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में 306 नई स्टाफ नर्सों की तैनाती की है। इनमें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला (आईजीएमसी) में सर्वाधिक 100 नसों की तैनाती की गई है। टांडा मेडिकल कॉलेज में 44, नाहन मेडिकल कॉलेज में 34, नेरचौक मंडी मेडिकल कॉलेज में 15, चंबा मेडिकल कॉलेज में 11 और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए 7 स्टाफ नर्सें भेजी गई हैं। अन्य नर्सों को जिलों के सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनाती दी गई है।
सरकार की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक इन नर्सों की तैनाती अनुबंध आधार पर की गई है। सप्ताह के भीतर इन्हें ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा गया है। 3 साल तक इनका तबादला नहीं होगा। अगर ये नर्सें अपनी मर्जी से छुट्टी पर जाती हैं तो बर्खास्त भी किया जा सकता है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों में नर्सों की कोई कमी नहीं है। कोरोना वार्डों में सेवाएं लेने के साथ साथ इन्हें अस्पताल के अन्य वार्डों में भी तैनात किया जाएगा।