बिलासपुर जिले के एक छात्र की डेंगू से मौत होने का मामला सामने आया है। छात्र झंडूता क्षेत्र की बल्हसीणा पंचायत के कथ्युन गांव का रहने वाला था। हालांकि आईजीएमसी प्रशासन से इस बात से इंकार किया है। मगर परिजनों और पंचायत प्रधान के अनुसार छात्र की मौत होने पर चिकित्सकों ने उन्हें डेंगू से मौत की वजह बताया।
जानकारी के अनुसार बीती 13 अप्रैल को अमित कुमार पुत्र सुरेश कुमार को स्कूल से घर आते समय टांगों में तेज दर्द की शिकायत हुई। उसने घर पहुंचते ही परिजनों को यह बात बताई। इस पर परिजन उसे शाहतलाई के निजी अस्पताल ले गए। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेज दिया।
यहां भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार शुरू किया गया। इस बीच रविवार को उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसकी मौत का कारण डेंगू बताया है। इसकी पुष्टि पंचायत प्रधान आशा देवी ने की है। उन्होंने बताया कि वह छात्र के परिजनों के साथ आईजीएमसी में ही मौजूद थीं।
रविवार को अमित के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अमित का परिवार आईआरडीपी में आता है। उन्होंने जिला प्रशासन से शोक ग्रस्त परिवार के लिए उचित सहायता राशि देने की मांग की है। वहीं, क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप बढ़ने की भी आशंका जताई है।
उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले भी इन्हीं कारणों के चलते गांव के ही एक अन्य लड़के की मृत्यु हुई थी। ऐसे में उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से गांव में इस बीमारी की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने की भी मांग की है।