फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश: मैदानी शहरों में प्रदूषण से बचने शिमला पहुंचे सैलानी, होटलों में 50% तक पहुंची ऑक्यूपेंसी

Wed, 11 Nov 2026 10:31 AM IST
Ankesh Dogra संवाद न्यूज एजेंसी, शिमला।

सार

मैदानी इलाकों में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच शिमला में पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है। दिल्ली समेत कई शहरों से सैलानी स्वच्छ हवा और सुकून के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इससे शिमला के होटलों में ऑक्यूपेंसी 50 फीसदी तक पहुंच गई है। हालांकि, पर्यटकों की बढ़ती संख्या और निर्माण कार्य के कारण शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन
रिज मैदान पर घूमते सैलानी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली समेत देश के कई मैदानी शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर चिंताजनक होने के बीच लोग स्वच्छ हवा की तलाश में पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इसका असर पहाड़ों की रानी शिमला के पर्यटन कारोबार पर भी दिखने लगा है। मंगलवार को मैदानी इलाकों से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। इससे मालरोड, रिज मैदान और आसपास के पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार रहे। सैलानियों की बढ़ती आमद से होटल कारोबारियों ने भी राहत की सांस ली है। होटलों में आक्युपेंसी 50 फीसदी तक पहुंच गई है।  मैदानी शहरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण लोग कुछ समय सुकून और स्वच्छ हवा के बीच बिताने के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

दिल्ली में एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया है। वहीं, हरियाणा, गुरुग्राम और कानपुर समेत कई शहरों में भी वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई है। इसके मुकाबले शिमला में दिवाली के दिन एक्यूआई 66 दर्ज किया था। मैदानी इलाकों की अपेक्षा यहां हवा की गुणवत्ता बेहतर होने के कारण पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की संख्या बढ़ने का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। 

दिल्ली से घूमने आए रमेश और मोनिका ने कहा कि दिवाली के बाद धुआं काफी बढ़ गया था, इसलिए त्योहार मनाने के बाद वह शिमला घूमने चले आए। मंगलवार को वाहनों का दबाव बढ़ने से सुबह से शाम तक सर्कुलर रोड पर गाड़ियां रेंगती रहीं। कई स्थानों पर वाहन चालकों को जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। होटल कारोबारियों के अनुसार मंगलवार को शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी 40 से 50 फीसदी के बीच दर्ज की गई। पिछले एक सप्ताह के मुकाबले इसमें करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।  

कारोबारियों को उम्मीद है कि मैदानी इलाकों में प्रदूषण का स्तर इसी तरह चिंताजनक बना रहा तो आने वाले दिनों में शिमला पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है। इससे पर्यटन कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।   होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि दिवाली के बाद शिमला में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। दो दिन में होटलों में 50 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। अगले कुछ दिनों के लिए भी पर्यटकों ने बुकिंग करवाई है। गुजरात और पश्चिम बंगाल में छुट्टियां होने के कारण वहां से भी बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं।

सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास दिनभर लगा जाम, लोग परेशान 
राजधानी के सर्कुलर रोड पर मंगलवार को दिनभर यातायात जाम की स्थिति बनी रही। लिफ्ट के पास वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से जाम बैम्लोई तक पहुंच गया। इससे छोटा शिमला से पुराना बस अड्डा जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। त्योहारी सीजन में सैलानियों की आवाजाही बढ़ने और लिफ्ट के पास पुल निर्माण कार्य के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
 
विज्ञापन

लिफ्ट के पास सड़क का हिस्सा पहले से ही संकरा है। यहां दोनों ओर से वाहनों के गुजरने में दिक्कत आती है। ऐसे में वाहनों का दबाव बढ़ने पर यातायात बाधित हो जाता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से यहां पुल का निर्माण करवाया जा रहा है। हालांकि निर्माण कार्य के चलते फिलहाल सड़क पर वाहनों की आवाजाही और प्रभावित हो रही है। मंगलवार को सुबह से शाम तक लिफ्ट के पास वाहन रेंगते रहे। जाम का असर बैम्लोई तक देखने को मिला। बैम्लोई से पुराना बस अड्डा पहुंचने में ही वाहन चालकों को करीब आधे घंटे तक का समय लग गया। शाम के समय भी जाम की स्थिति बनी रही। कार्यालयों से घर लौट रहे लोगों को भी काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें