अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाके और छह महिलाओं की जिंदा जलने से हुई मौत के मामले की मंडलायुक्त कांगड़ा एसएस गुलेरिया ने भी जांच शुरू कर दी है। मंडलायुक्त ने गुरुवार को विभिन्न विभागों से रिकॉर्ड तलब किया।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बाथू में अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाके और छह महिलाओं की जिंदा जलने से हुई मौत के मामले की मंडलायुक्त कांगड़ा एसएस गुलेरिया ने भी जांच शुरू कर दी है। मंडलायुक्त ने गुरुवार को विभिन्न विभागों से रिकॉर्ड तलब किया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बयान भी दर्ज किए गए। घटनास्थल का दौरा कर मंडलायुक्त ने कहा कि कोई भी व्यक्ति इस हादसे से जुड़ी जानकारी टोल फ्री नंबर 1077 या 01975-225049, 225045 पर साझा कर सकता है। मंडलायुक्त शुक्रवार को भी यहां जांच जारी रखेंगे।
विज्ञापन
गुरुवार को मंडलायुक्त ने पहले आबकारी एवं कराधान विभाग, उद्योग विभाग, श्रम अधिकारी, जिला राजस्व अधिकारी, तहसीलदार हरोली, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, फायर इंस्पेक्टर, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग गगरेट, बीएमओ हरोली, एसएचओ हरोली, पुलिस चौकी इंचार्ज टाहलीवाल, पंचायत सचिव बाथू, पटवारी से जानकारी हासिल की और रिकॉर्ड लिया। दूसरे सत्र में पंचायत प्रधान, वार्ड सदस्य व स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की। उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि मंडलायुक्त की जांच शुरू होने के बाद एसडीएम हरोली को जांच के लिए अधिकृत करने के आदेश वापस ले लिए हैं। अब विशेष जांच टीम (एसआईटी) और मंडलायुक्त ही इस हादसे की जांच करेंगे।