मशोबरा में नाले में पड़ा मिला महिला का शव
शिमला। राजधानी के मशोबरा क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव सड़ने के कारण शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसकी उम्र 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव आईजीएमसी में रखा है। पुलिस के मुताबिक शव कई दिन पुराना है और गली-सड़ी अवस्था में पड़ा था।
बीती रात स्थानीय लोगों ने खनोर नाले में महिला का शव देखकर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके से हरे रंग का कुर्ता और काले रंग की सलवार कब्जे में ली है। पुलिस ने संबंधित थानों को महिला की शिनाख्त के लिए सूचित कर दिया है। डीएसपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई होगी।
युवक को कुत्ते ने काटा मालिक पर मुकदमा दर्ज
शिमला। राजधानी से सटे सुन्नी क्षेत्र में पालतू कुत्ते के काटने से एक व्यक्ति घायल हो गया। कुत्ते ने व्यक्ति की बाजू से काटा है। इसके बाद से व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा था। पुलिस को दी शिकायत में सीपू राम ने बताया कि जब वह अपनी गाय चराने के लिए बाहर जा रहे थे तो एक व्यक्ति के पालतू कुत्ते ने उनकी बांह पर काट लिया। सुन्नी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप कर्मी से की मारपीट
शिमला। शहर के एक निजी पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मी से मारपीट के मामले में दो लोगों पर केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि दो युवक पेट्रोल पंप पर आए और उसके साथ मारपीट की। वहीं उपनगर संजौली में दुकान में आकर युवकों ने दो लोगों की पिटाई कर डाली। आरोप है कि दो युवक उसकी दुकान पर आकर झगड़ा करने लगे। इसमें तीन लोगों को चोटें आई है। शिकायत पर ढली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।