किन्नर कैलाश यात्रा के दौरान रास्ते में दम तोड़ने वाले दोनों श्रद्धालुओं के शवों को बचाव दल और क्यूआरटी टीम में शामिल पुलिस एवं होम गार्ड के जवानों ने करीब आठ घंटे पैदल सफर कर बुधवार रात 11 बजे तांगलिंग पहुंचाए।
गुरुवार सुबह 11 बजे रिकांगपिओ अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। डॉ. रोहित नेगी के अनुसार कुमारसैन के पीयूष वर्मा (26) की मौत ऑक्सीजन की कमी से गिरने और ठंड लगने से हुई है।
वहीं, हरियाणा के झज्जर निवासी वरुण सिंह (28) की मौत हेड इंजरी के कारण हुई है। रिकांगपिओ थाना एएसआई शिव कुमार ने बताया कि रिकांगपिओ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन जारी है।
उधर, बुधवार को किन्नर कैलाश से शवों को लाते हुए रास्ते में गृह रक्षक ब्रह्म कुमार ग्लेशियर में फिसल गए जिस कारण उनकी पीठ और बाजू में चोट आई है। उन्हें भी क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार के बाद बेड रेस्ट के लिए कहा गया है।
बताया जा रहा है कि बचाव दल के पास स्नो इक्यूमेंट्स न होने से एक बड़ा हादसा होने से बच गया। उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने कहा कि अगर स्नो इक्यूमेंट्स की कमी महसूस की गई है, तो जिसे आपदा प्रबंधक द्वारा जल्द मुहैया करवाया जाएगा।