ऊना में क्षेत्र के रेड लाइट चौक के पास ऊना-नंगल मुख्य मार्ग पर ट्रक चालक और एक निजी कंपनी के डीलर में ट्रक से सामान उतारने को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प हो गई। बीच-बचाव करते हुए ट्रक परिचालक सिख युवक की पगड़ी खुल गई।
परिचालक की पगड़ी खुलने पर मामला गरमा गाया। इस दौरान घटना स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सड़क पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। इससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ऊना में ट्रक में एक निजी कंपनी के डीलर का सामान आया था। इस दौरान ट्रक चालक ने गाड़ी से कंपनी का सामान उतारने को कहा तो डीलर ने गाड़ी से सामान उतारने को मना कर दिया। इस दौरान दोनों में बहस हो गई।
ट्रक चालक ने दुकान के आगे रखे खाली कार्टन पर ट्रक चढ़ा दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में झड़प हो गई। बीच बचाव करते हुए ट्रक चालक के साथ आए एक सिख युवक की पगड़ी खुल गई। पगड़ी खुलने पर मामला और गरमा गया।
सिख समुदाय के लोग मौके पर एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर मामला शांत करवाया। बताया जा रहा है कि डीलर ने सिख युवक से माफी मांग कर जान छुड़ाई।
चौकी प्रभारी गुरदीप सिंह का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों में मामला शांत करवाया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता होने के कारण केस दर्ज नहीं किया गया है।