खाली पड़े हैं अस्पताल में 90 बिस्तर, तीसरी लहर में कम आए कोरोना के मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कोरोना मरीजों के लिए समर्पित कोविड अस्पताल डीडीयू अब खाली हो गया है। 90 बिस्तरों वाले अस्पताल में कोरोना का कोई भी मरीज दाखिल नहीं है। डीडीयू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने यह जानकारी दी। हालांकि अभी अस्पताल को कोरोना मुक्त घोषित नहीं किया गया लेकिन वीरवार को अस्पताल में एक भी मरीज दाखिल नहीं रहा। तीसरी लहर में कम संख्या में मरीजों के अस्पताल में दाखिल होने के बाद हाल ही में प्रबंधन ने रुटीन ओपीडी के साथ ऑपरेशन भी शुरू कर दिए हैं। वीरवार को अस्पताल में आर्थो के तीन मेजर ऑपरेशन किए गए। इनमें एक व्यक्ति की बाजू का ऑपरेशन किया गया है। बताया जा रहा है कि मरीज का पीजीआई में उपचार हुआ लेकिन बाजू के सही तरीके से न जुड़ने के बाद अब दोबारा ऑपरेशन किया गया। इसके अलावा दो अन्य मरीजों के ऑपरेशन भी अस्पताल में किए हैं।
जिले में कोरोना के 31 नए मामले
जिले में कोरोना के 31 मामले आए हैं। इनमें डीडीयू से 5, सेना अस्पताल, आईजीएमसी, टुटू और मशोबरा से एक-एक मामला आया है। इसके अलावा ऊपरी शिमला के कुमारसैन 5, चिढ़गांव 3, नेरवा, मतियाना और खनेरी से 2-2 तथा रोहड़ू, ननखड़ी, कोटखाई, रामपुर और मंडी से एक-एक मामला आया है।