मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता न दिखाने वाले 10 पंचायत सचिवों को उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने शुक्रवार को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। ये पंचायत सचिव गगरेट, अंब, ऊना और बंगाणा ब्लॉक के हैं। पंचायत सचिवों को नोटिस जारी करते हुए उन्हें अपना जवाब सात दिन के भीतर देने के लिए कहा गया है।
जानकारी के मुताबिक इन सभी सचिवों ने सेवा संकल्प हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसकी वजह से यह शिकायतें एल-1 लेवल से आगे के लेवल पर पहुंच गईं। उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और जनमंच के साथ-साथ सीएम सेवा संकल्प हेल्पलाइन भी इसी दिशा में एक प्रयास है।
ऐसे में सभी अधिकारी हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त होने वाली समस्याओं को गंभीरता के साथ लें और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दस पंचायत सचिवों को इस बाबत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।