हिमाचल में वृद्ध महिलाओं को आसरा दिलाने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने नई कवायद शुरू की है। वृद्ध महिलाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में डे केयर सेंटर खोलने की कोशिश की जाएगी। विभाग एनजीओ की मदद लेने पर विचार कर रहा है। विभाग का प्रयास है कि 1 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय सीनियर सिटीजन डे तक ऐसे समाजसेवी संगठनों के जरिये हर जिले में कम से कम एक डे केयर सेंटर खोला जाए।
विभाग के अधिकारियों का प्रयास है कि हर जिले में डे केयर सेंटर खोले जाएं। ऐसे सेंटर के संचालन में कर्मचारियों और बजट की कमी कई बार आड़े आती है। ऐसे में विभाग ऐसे सामाजिक संगठनों से संपर्क कर रहा है, जो वृद्धों के लिए काम कर रहे हैं। विभाग की
सचिव अनुराधा ठाकुर ने बताया कि सभी डीसी और जिला समाज कल्याण अधिकारियों को ऐसे एनजीओ से संपर्क करने को कहा गया है। पहली कोशिश है कि सभी जिलों में डे केयर सेंटर खोले जाएं। इनमें भी चूंकि महिलाओं की अपनी जीवनशैली होती है, ऐसे में वृद्ध महिलाओं के लिए अलग से डे केयर सेंटर खोलने की भी कोशिश की जाएगी।