72वें वन्यप्राणी सप्ताह का साइकिल रैली के साथ शुभारंभ हुआ। इस दौरान लोगों को वन्यप्राणी सरंक्षण का संदेश दिया गया। वन्यप्राणी अभ्यारण छराबड़ा से शिमला वाटर कैचमेंट तक करीब 7 किलोमीटर तक साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल रैली में संजौली कॉलेज, आरकेएमवी और ढली स्कूल के छात्रों के अलावा पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। प्रधान मुख्य अरण्यपाल एवं वन बल प्रमुख राजीव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि वन्यप्राणियों और वनों के संरक्षण के लिए आम लोगों को जागरूक करना जरूरी है। वन्यप्राणी सप्ताह के आयोजन का मकसद भी लोगों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाना है।
अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी प्रभाग अनिल ठाकुर ने बताया कि 2 से 8 अक्तूबर तक मनाए जा रहे वन्यप्राणी सप्ताह के तहत ‘विकास एवं वन्यजीव मार्ग’ विषय पर निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग, नारा लेखन और फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इस मौके पर राइजर समूह की ओर से वन्यप्राणी सप्ताह 2023 विषय पर समूह गान एवं लघु नाटक भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अरण्यपाल पुष्पेंद्र राणा, उपअरण्यपाल वन्यप्राणी मंडल शिमला एन रविशंकर, वन परिक्षेत्र अधिकारी गणपत वर्मा, हुकम ठाकुर, सह आचार्य कार्तिक चौहान, राजेश आजाद, मीना सांख्यान, सहायक आचार्य अमित शर्मा सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मीडिया वर्कशाप आज
वन्यप्राणी सप्ताह के तहत मंगलवार को वन मुख्यालय में एपीसीसीएफ अनिल ठाकुर मीडिया वर्कशॉप को संबोधित करेंगे। 4 अक्तूबर को मुख्यालय में वन्यजीव अध्ययन पर सेमीनार होगा। 5 को सीपीआरआई सभागार में अंतर विद्यायल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, 6 को वन्यजीव फोटोग्राफी वर्कशॉप, 7 को मिनी मैराथन और 9 अक्तूबर को गेयटी थियेटर में समापन होगा।