आईजीएमसी में सेंट्रल स्टूडेंट एसोसिएशन और इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने कल्चरल नाइट-2014 में खूब रंग जमाया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विशेष अतिथि के तौर पर स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर मौजूद रहे। मुख्यातिथि ने मेधावी छात्रों को पुरस्कार भी बांटे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि ने दीप प्रज्जवलित कर किया। आईजीएमसी के कल्चरल एडवाईजर डा. राजेश कश्यप ने मुख्यातिथि और लोगों का स्वागत किया। महासचिव सीएसए मनीष ठाकुर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद कर्ण, प्रणव और परविंद्र ने भांगड़ा के साथ रंगारंग कार्यक्रम का आगाज किया।
सर्वजीत, आरुषि, आदित्य और अखिलेश ने अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित ‘बड़े लोग’ नाटक का मंचन किया। नाटक के माध्यम से बताया गया है कि कैसे दो परिवार अपने बच्चों की शादी करने के लिए रईस होने का नाटक करते हैं। असल में दोनों ही मध्यवर्गीय होते हैं। नाटक से संदेश दिया गया कि अपने हित के लिए लोगों को झूठी शान नहीं दिखानी चाहिए।
लवलीन, आयूषी मेहता और निहारिका ने बेबी डॉल मैं सोने दी जैसे गानों पर वेस्टर्न डांस किया। आईजीएमसी के छात्रों सूर्या, सुमित, विक्रांत, मनोज, आकांक्षा, गरिमा और चंद्रकांता ने पहाड़ी नाटी प्रस्तुत कर सभी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस दौरान छात्रों द्वारा बनाई गई पत्रिका ‘शुश्रुता’ का विमोचन भी किया गया। कल्चरल सचिव कर्ण हितेशी ने वोट ऑफ थैंक्स के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर निदेशक मेडिकल शिक्षा विभाग की डा. जयश्री शर्मा, आईजीएमसी के प्रधानाचार्य डा. एसएस कौशल, स्टाफ एडवाइजर डा. संजीव शर्मा और सीएसए अध्यक्ष अभय मिन्हास मौजूद रहे।