गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व की तैयारियां शुरू, हर रविवार को होगा पाठ
पंजाबी न पढ़ पाने वाले श्रद्धालुओं को हिंदी लिपि में भेजी जाएगी गुरबाणी की सामग्री
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। गुरुद्वारा साहिब बालूगंज में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। रविवार को आयोजित साप्ताहिक समागम में गुरु नानक देव की पवित्र बाणी जपुजी साहिब के सामूहिक पाठ का शुभारंभ किया गया।
24 नवंबर को मनाए जाने वाले प्रकाश पर्व तक प्रत्येक रविवार समागम में यह पाठ निरंतर किया जाएगा। गुरुद्वारा साहिब में रविवार को सुबह 9:30 से दोपहर 2 बजे तक समागम हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगत को जपुजी साहिब का शुद्ध व सही उच्चारण के साथ पाठ करना सिखाना है। विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर यह पहल की गई है जिन्हें पंजाबी पढ़नी नहीं आती। ऐसे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिंदी लिपि में तैयार की गई पाठ सामग्री इच्छुक साध-संगत को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जा रही है, ताकि वे सही उच्चारण के साथ गुरबाणी का पाठ कर सकें।
समागम के दौरान सुखमनी साहिब का पाठ, आसा दी वार और गुरबाणी कीर्तन किया गया। इसके बाद मासिक सहज पाठ का भोग संपन्न हुआ। इस अवसर पर बीबी कमलजीत कौर, रितु कुकरेजा, हरविंदर कौर और साक्षी ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का लंगर वितरित किया गया।