मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल की शपथ लेने के साथ ही आतंक प्रभावित कश्मीर घाटी के लोगों को देश के अन्य राज्यों के साथ लेकर चलने की कवायद शुरू कर दी है। कश्मीर के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता का पाठ पढ़ाने के लिए केंद्र ने कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत देवभूमि हिमाचल को सबसे पहले चुना है।
जेएंडके के 400 स्कूली बच्चे शिमला आ रहे हैं। पहले चरण में दस जून को पांच दिवसीय दौरे पर पांच शिक्षकों के साथ 100 लड़के शिमला पहुंचेंगे। इन्हें शिक्षा विभाग विभिन्न स्कूलों का भ्रमण करवाएगा।
हिमाचली बच्चों के साथ जेएंडके के बच्चे अपनी लोक संस्कृति साझा करेंगे। बच्चों को शिमला के आसपास के क्षेत्रों की सैर करवाई जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। पहले चरण में आने वाले बच्चों के लौटने के बाद शेष बच्चे आएंगे। दूसरे चरण में लड़कियों का समूह आएगा।
जेएंडके के बच्चों को हिमाचल की लोक संस्कृति से रूबरू करवाया जाएगा। मैं स्वयं भी बच्चों से मुलाकात करूंगा।
- सुरेश भारद्वाज, शिक्षा मंत्री हिमाचल