मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने बुधवार को नई दिल्ली में भारत सरकार के खेल सचिव आरएस जुलानिया से मुलाकात की। मुख्य सचिव ने शिलारू प्रशिक्षण केंद्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर के केंद्र में विकसित करने का आग्रह किया।
कहा कि यह केंद्र भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्धाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। देश में इतनी ऊंचाई पर कोई भी ऐसा केंद्र नहीं है। यदि इस केंद्र में इस प्रकार की विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं तो अन्य विदेशी खिलाड़ी भी यहां प्रशिक्षण लेना पसंद करेंगे।
उन्होंने खेल सचिव को अंतरराष्ट्रीय स्तरीय हाई एल्टीट्यूट केंद्र को विकसित करने की योजना को अंतिम रूप देने के लिए शिमला आने का निमंत्रण भी दिया। मुख्य सचिव ने भारत सरकार के पास लंबित 74 करोड़ रुपये के खेल अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का भी आग्रह किया।
कहा कि प्रदेश में सोलन में इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए ढांचा तैयार करने, शिमला के सरस्वती नगर में 400 मीटर के सिंथेटिक ट्रैक के साथ खेलों इंडिया स्कीम के तहत पांच डीपीआर प्रस्तुत की हैं। इन परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से 10.7 करोड़ और 57 करोड़ रुपये की भागीदारी राशि भी अपेक्षित है।