हिमाचल में सिंगल पसेंजर के लिए टैक्सी (कार) से भी सस्ती हेलीटैक्सी को सवारियां नहीं मिल रही हैं। दस सीटर हेली टैक्सी में नौ से लेकर 13 दिसंबर तक पांच दिन में करीब 12 यात्रियों ने ही चंडीगढ़ से धर्मशाला, कुल्लू और धर्मशाला के लिए सफर किया। ऑफ सीजन में हेली टैक्सी शुरू करने के फैसले पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। सर्दियों में मौसम की जटिलताओं के डर से सैलानी हवाई सफर कम ही पसंद करते हैं। उधर, हेली टैक्सी के सफल न होने की रही सही कसर ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था निकाल रही है। हिमाचल टूरिज्म विभाग और नागर विमानन मंत्रालय की ओर से जारी फोन नंबर तक बंद हैं। बार-बार कॉल करने पर नो रिस्पांस आ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग सेवा भी हांफ गई है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन सेवा ठप
हेली टैक्सी सेवा बुक करवाने के लिए पवन हंस कंपनी के बुकिंग नंबर बंद हैं। पर्यटन विभाग की ओर से जारी नंबर 8283091219, 7827509985 पर नो रिस्पांस रहता है। शनिवार और रविवार को दिन भर सेवा ठप रही। सोमवार सुबह 10.45 बजे, 11 बजे, 11.35 पर इन नंबरों पर कॉल किया गया, लेकिन रिस्पांस नहीं आया। ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही है।
हेली टैक्सी के संचालन को लेकर अधिक जानकारी नहीं है। रिकॉर्ड पवन हंस कंपनी के पास रहता है। बुकिंग न होने की दिक्कतों के बारे में कंपनी को सूचना दे दी गई है।
- एसके पराशर, उपनिदेशक पर्यटन विभाग
हेली टैक्सी सेवा शुरू किए कुछ ही समय हुआ है। प्रचार-प्रसार में समय लगेगा। अभी चंडीगढ़-मंडी- धर्मशाला और कुल्लू के लिए सीधी उड़ानें करवाई हैं। सवारियों की संख्या बढ़ने पर शीघ्र मंडी, शिमला के लिए सीधी उड़ानें करवाने पर विचार किया जा रहा है। अभी सवारियां कम हैं। रिस्पांस ऐसा रहा तो आगे क्या करना है, कंपनी तय करेगी। बुकिंग नंबरों की शिकायत मिल रही हैं। जिसे शीघ्र ठीक करवाया जाएगा।
- प्रतिनिधि पवन हंस कंपनी
यह है किराया
मौजूदा समय में चंडीगढ़, शिमला, मंडी, धर्मशाला, रामपुर के लिए हेली टैक्सी सुविधा चल रही है। शिमला से मंडी के लिए सुबह 9.50 पर जो 10.25 पर मंडी पहुंच रही है। दस मिनट रुकने के बाद सुबह 10.35 पर धर्मशाला के लिए रवाना हो रही है। जो 11.10 पर धर्मशाला पहुंच रही है। सुबह साढ़े 11 बजे धर्मशाला से मंडी के लिए दोबारा रवानगी होने पर दोपहर 12.5 मिनट पर मंडी पहुंच रही है। सभी स्थानों के लिए किराया 3665 रुपये निर्धारित किया गया है।