हिमाचल के कसौली में एक महिला ने अपनी बुजुर्ग सास की जान ले ली। पट्टा बाड़ियां पंचायत के खलग गांव में बहू ने अपनी चाची सास को पीट-पीट कर मार डाला। बताया जा रहा है कि हत्या आरोपी का लंबे समय से दिमागी इलाज चल रहा है। वीरवार सुबह किसी बात पर उसका अपने पति से झगड़ा हुआ।
इस बीच, वह आंगन में आई और चूल्हे की फूंकनी उठाकर पति पर हमला किया। चाची सास ने रोकने की कोशिश की तो उसने चाची सास को फूंकनी से पीटना शुरू कर दिया। बुजुर्ग महिला के सिर पर कई वार किए। इससे वह बेहोश हो गई। घायल बुजुर्ग महिला को स्थानीय चिकित्सालय लाया गया।
गंभीर हालत पर उसे ईएसआई अस्पताल परवाणू रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कृष्णा देवी (45) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना वीरवार सुबह करीब छह बजे हुई। मृतक महिला की पहचान खलग गांव की भागो देवी (65) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार एक ही आंगन में दोनों परिवारों का चूल्हा अलग है। मामले की सूचना पीएचसी पट्टा से कुठाड़ पुलिस चौकी को सुबह करीब 8 बजे दी गई। इसके बाद पुलिस चौकी कुठाड़ के साथ थाना कसौली से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
डीएसपी परवाणू प्रमोद चौहान ने बताया कि अब तक की छानबीन में पता चला है कि हत्या आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पिछले 15-20 साल से उसका इलाज चल रहा है। उसका दिमागी संतुलन सही नहीं है। आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर भादसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।