हिमाचल के जिला मंडी के धर्मपुर स्थित प्रौन क्षेत्र में एक महिला के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला के पति ने कहा कि उसकी पत्नी घर से कॉलेज में दाखिला लेने के लिए निकली थी। लेकिन, घर नहीं लौटी है। उसने हुक्कल क्षेत्र के युवक पर पत्नी का अपहरण करने का शक जताया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
जानकारी के अनुसार धर्मपुर के प्रौन क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस थाना धर्मपुर में एफआईआर दर्ज करवाई है कि उसकी पत्नी शनिवार को घर से कॉलेज में दाखिला लेने गई थी। लेकिन, घर वापस नहीं लौटी है। उसने बताया कि उसकी शादी करीब एक सप्ताह पूर्व ही हुई थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 365, 120 के तहत मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी धर्मपुर और मामले के जांच अधिकारी जय लाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही मामले की तह तक पहुंच जाएंगे। मामले की पुष्टि डीएसपी सरकाघाट मदन धीमान ने की है।