विगत 22 दिसंबर 2014 को अपने नए घर के कमरे में युवक राकेश की संदिग्ध मृत्यु न तो आत्महत्या थी और न ही कोई हादसा। प्रेम प्रसंग के चलते राकेश की पत्नी ने अपने प्रेमी और कुछ साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी।
लगभग डेढ़ महीने बाद पुलिस ने इस मामले में यह खुलासा किया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने राकेश की पत्नी कमलेश कुमारी, दीप कुमार और रविंद्र कुमार कौंडल को गिरफ्तार किया है। जबकि एक युवक अभी फरार बताया जा रहा है।
डेढ़ महीने पहले की इस घटना की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। 22 दिसंबर को ऋषिकेश के मड़ोइयां निवासी राकेश कुमार अपने कमरे में बिस्तर पर मृत पाया गया था। उल्लेखनीय है कि मृतक राकेश ने कुछ समय पहले ही नया घर बनाया था। इसी घर में उसे मौत के घाट उतारा गया।
गले में रस्सी के निशान भी थे। हालांकि, उसी वक्त हत्या की आशंका जताई जा रही थी लेकिन केस दर्ज नहीं हो सका। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने पहले पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भादंसं की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया था।