जिला सिरमौर के थाना क्षेत्र सराहां के तहत सराहां-वासनी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद एक ओमिनी वैन के गहरी खाई में गिरने से एक बच्ची सहित 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
जानकारी अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे फागला दोसड़का पर बस से उतरी सवारियों को वैन चालक हेमचंद ने वासनी के लिए अपनी ओमिनी वैन में भर दिया। कुल 11 लोग वैन में सवार हो गए।
मगर कुछ ही दूरी पर जाकर चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे ये गाड़ी करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में सवार एक ही परिवार के चार सदस्य भी जख्मी हुए हैं।
इनमें बलबीर सिंह (42) गांव दंधोलीघाट, पत्नी ईश्वर देवी (35), उसका बड़ा बेटा अजय कश्यप (14), छोटा बेटा अमित कश्यप (12), जामन की सेर पंचायत के कुंहट चौकी निवासी कृष्ण दत्त (35) तथा चाकली पंचायत के भियूड़ निवासी ओमप्रकाश (26) व उसकी पत्नी रंजना देवी (23) व एक दो वर्षीय बच्ची सवार थी।
इसके अलावा नरेंद्र दत्त (42) गांव चामड़िया, पीओ भेलन व डिंगर किन्नर पंचायत के बकराल निवासी अनिल कुमार (27) को घायल अवस्था में सराहां अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से सभी को सोलन के लिए रेफर कर दिया गया। डीएसपी राजगढ़ बीएस बरागटा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सराहां पुलिस ने चालक पर मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।