टुटू के साथ लगते बडली गांव में अज्ञात लोगों ने प्रापर्टी डीलर के घर की खिड़कियों और दरवाजों पर पेट्रोल छिड़क कर पूरे घर को आग के हवाले कर दिया। परिवार को जलाने के मकसद से आए शातिरों ने घर का मुख्य दरवाजा बंद कर घटना को अंजाम दिया।
रात साढ़े तीन बजे की इस घटना में आग से प्रापर्टी डीलर मुनीश, उसकी पत्नी अनीता और दो बच्चे सागर और हर्षिता पूरी तरह से झुलस गए। झुलस रहे परिवार की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घटनास्थल पर पहुुंचे और दरवाजा खोलकर सभी सदस्यों को बाहर निकाला।
पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया और पीड़ित सदस्यों को इंदिरा गांधी मेडिकल अस्पताल ले गए। हादसे में अनीता पूरी तरह से झुलस गई है। अनीता के मुंह, हाथ, बाजू और छाती पूरी तरह से जल गई और उसे चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया।
वहीं मुनीश के पांव और बेटे सागर की पीठ जल गई और बेटी को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। आग से घर के बिस्तरे समेत कपड़े जल गए। थाना बालूगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, एसपी सौम्या सांबशिवन बुधवार दोपहर को घटनास्थल पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर दिया गया है और तफ्तीश शुरू कर दी है।