हिमाचल के जिला किन्नौर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस एसएचओ समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा देर रात हुआ है। दोनों आपस में मोसेरे भाई थे और वे अपने किसी रिश्तेदार के क्रियाकर्म में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही भावानगर से थोड़ा आगे पहुंचे कि अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
कार में झाकड़ी थाना एसएचओ तारा चंद नेगी और आईटीबीपी के पूर्व सैनिक जय चंद सवार थे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें लगी जिसके बाद इन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों के सुपूर्द किया गया है।
नेशनल हाइवे पांच पर हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा नेशनल हाइवे पांच पर पोंडा और कंजोस के बीच हुआ है। ये कार नंबर एचपी 26 ए 1895 सड़क से करीब तीन सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भावानगर प्रकाश नेगी, झाकड़ी थाने से एएसआई शेर सिंह नेगी, ज्यूरी चौकी प्रभारी भूप सिंह, एसएचओ कुमारसैन त्रिलोचन सिंह, रिकांगपिओ से जिला पुलिस इंस्पेक्टर सतोक सिंह मौके पर पंहुच गए।
झाकड़ी पुलिस थाना के एसएचओ तारा सिंह नेगी को पुलिस विभाग द्वारा राजकीय सम्मान के साथ उनके पैत्तृक गांव पौंडा में अंत्येष्टी दी गई। इसके इलावा हादसे में मारे गए पूर्व सैनिक जय चंद नेगी की अंतिम विदाई में आईटीबीपी के कई जवान शरीक हुए।
हादसे में दो मौसेरे भाई की मौत से आंखें नम
इस हादसे ने क्षेत्र के माहौल को गमगीन कर दिया है। दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में मातम छा गया और लोगों की आंखें नम हैं। हादसे में दो मौसेरे भाई अकाल मौत के मुंह में समा गए। पुलिस विभाग ने एसएचओ तारा सिंह नेगी को अंतिम विदाई पूरे राजकीय सम्मान के साथ दी। एसएचओ अपने पीछे एक बेटा और बेटी छोड़ गए हैं।
जैसे ही उन्हें पता चला कि उनके पिता की हादसे में मौत हो गई, तो उन्हें गहरा सदमा लग गया। तारा नेगी की पत्नी और बूढ़ी मां अपने बेटे की मौत की खबर सुनकर बुरी तरह से टूट गई हैं। उनकी पत्नी ने कभी नहीं सोचा था कि उनका सुहाग छिन जाएगा। इसके अलावा पूर्व सैनिक जय चंद नेगी के दो बेटे और दो बेटियां है। उनके बड़े बेटे अशोक और दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।