गौरतलब है कि ढगोह नाले में लंबे समय से अवैध कटान हो रहा था। यहां आरोपी पेड़ों को काट कर दो भट्ठियों से कोयला तैयार करके अवैध कारोबार कर रहे थे। यह कोयला पठानकोट, ककीरा, बकलोह और डलहौजी में बेचा जा रहा था।
इस मामले की भनक जैसे ही अमर उजाला को लगी तो अवैध वन कटान को लेकर पूरी तफ्तीश के साथ प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई। अवैध कटान को लेकर वन विभाग सहित पुलिस को भी कोई सूचना नहीं थी।
मगर रविवार को जैसे ही खबर प्रकाशित हुई तो वन विभाग की और से वनरक्षक ने टीम के साथ जंगल में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान वन कटान और कोयला तैयार करने के लिए लगाई गई भट्ठियां मिली। इसके बाद वन विभाग ने पुलिस को सूचित किया।
इसके बाद वन विभाग टीम और पुलिस की टीम ने आगामी कार्रवाई अमल में लाई है। जंगल में कामल, वरिंडी, सनन, शीषम प्रजातियों के पेड़ कटे पाए गए हैं। एएसपी चंबा वीरेंद्र ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि अवैध कटान के मामले को लेकर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही कोयले की भट्ठी से छह बोरियां और 19 पेड़ कटे हुए भी पाए गए हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।