शिमला के मैहली के नजदीक सेब से लदे ट्रक की टक्कर से पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। कांस्टेबल की पहचान लोकेंद्र (27) निवासी सुन्नी कांगरी गांव के तौर पर हुई है। यह थाना छोटा शिमला में तैनात था।
घटना के समय यह मोटरसाइकिल पर छोटा शिमला से मैहली की ओर जा रहा था। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सपुर्द कर दिया गया है आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी चालक घटना के बाद से फरार चल रहा है।
उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक लोकेंद्र ड्यूटी खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर रात करीब तीन बजे मैहली की ओर जा रहा था। सामने से सेब से लदे एक ट्रक ने दूसरे ट्रक से ओवरटेक किया।
इसी बीच सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया। कांस्टेबल की मौके पर हो मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वहां से फरार हो गया। ट्रक हरियाणा नंबर का बताया जा रहा है। ट्रक सेब लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
इसके मालिक को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया है। उधर, इस बारे में एएसपी भजन देव नेगी ने कहा कि सूचना के बाद मौके पर गए थे आरोपी चालक फरार है उसकी तलाश की जा रही है।