हिमाचल के सोलन जिला में थाना सदर नाहन के अंतर्गत रविवार सुबह नाहन से बिरोजा फैक्टरी जा रहा एक ट्रैक्टर झंडा मंदिर के करीब पहाड़ी से जा टकराया।
इस हादसे में अमरपुर मोहल्ला नाहन निवासी मुख्तयार (40) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक अलीजान निवासी बोहलियों गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों को सौंप दिया। हादसे पर मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक अप्लाइड फार ट्रैक्टर रविवार को नाहन से शिमला रोड होते हुए बिरोजा फैक्टरी की ओर जा रहा था।
झंडा मंदिर के करीब उतराई में वाहन किसी पत्थर से टकरा गया जिसके कारण उस में सवार दोनों व्यक्ति उछल कर सड़क से जा टकराए।
हादसे में मुख्तयार के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य सवार अली जान गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया। जबकि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंप दिया।
सदर थाना के एसएचओ लायक राम सिसोदिया ने हादसे की पुष्टि की है। एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने धारा 279, 337 तथा 304ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।